संवाददाता : रंजीत प्रजापति | पटना/मसौढ़ी, भगवानगंज।
धनतेरस और दीपावली के पावन अवसर पर शनिवार को भगवानगंज के बाजारों में खरीदारी को लेकर जबरदस्त रौनक देखने को मिली। सुबह से ही बाजारों में ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। जगह-जगह पर दीपों की जगमग रोशनी और खरीदारी करते लोगों की मुस्कुराहटों ने पूरे क्षेत्र में त्योहार का उल्लास फैला दिया।
स्वर्ण और रजत आभूषणों की दुकानों पर ग्राहकों की लंबी कतारें लगी रहीं। वहीं इलेक्ट्रॉनिक, बर्तन, कपड़ा, सजावटी सामान और गिफ्ट शॉप्स पर भी लोगों की अच्छी खासी भीड़ रही। दुकानदारों के चेहरे पर भी उत्साह झलकता दिखा, क्योंकि धनतेरस पर ग्राहकों की संख्या ने बिक्री में रौनक ला दी।
त्योहार के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भगवानगंज थाना प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। बाजार क्षेत्र, चौक-चौराहों और प्रमुख दुकानों के आसपास पुलिस बल की तैनाती की गई। पुलिस के जवान लगातार गश्त कर रहे थे, जिससे किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
भगवानगंज थाना अध्यक्ष सुजीत कुमार स्वयं बाजार क्षेत्र में मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से निगरानी करते दिखे। उन्होंने ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
थानाध्यक्ष ने बताया कि —
धनतेरस और दीपावली पर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। नागरिक निश्चिंत होकर शांति और भाईचारे के माहौल में पर्व मनाएं। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।”
भगवानगंज पुलिस की सतर्कता और तत्परता की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की। चौक-चौराहों पर की गई पेट्रोलिंग, यातायात नियंत्रण और पुलिसकर्मियों का सौम्य व्यवहार लोगों को सुरक्षित और भरोसेमंद वातावरण का एहसास दिला रहा था।
शाम होते-होते दीपों की रोशनी से भगवानगंज बाजार जगमगा उठा। हर ओर उल्लास, खरीदारी की चहल-पहल और दीपावली की खुशियों का रंग दिखाई दिया। धनतेरस की रौनक ने पूरे इलाके को उत्सवमय बना दिया।

